
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास मोनेस्ट्री मार्केट, लद्दाख बुद्ध विहार में बनने वाले नए फुट ओवर ब्रिज की नींव रखी। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाना है।

यह फुट ओवर ब्रिज कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट क्षेत्र में बनाया जाएगा। इस इलाके में यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग सड़क पार करते हैं। ऐसे में लंबे समय से एक सुरक्षित फुट ओवर ब्रिज की मांग की जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने खुद शिलान्यास करते हुए कहा कि यह कदम दिल्ली सरकार की विकास प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण लद्दाख की पारंपरिक वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा और इसमें दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को भी सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरों के साथ पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इस पुल के बनने से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही रिंग रोड पर यातायात भी अधिक सुचारु और निर्बाध रूप से चल सकेगा।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल, कैबिनेट सहयोगी प्रवेश साहिब सिंह और भारतीय जनता पार्टी की लद्दाख इकाई के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लद्दाख बुद्ध विहार के लोग कई वर्षों से फुट ओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे, लेकिन पिछली सरकारों ने इस छोटे से काम को भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कम समय में ही इस मांग को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है।
