
देहरादून। आपदा प्रबंधन के गुर सीखने में बेटियां भी अब बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। विभाग की ओर से चलाई जा रही युवा आपदा मित्र योजना के तहत अब तक 1826 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें 874 बेटियां शामिल हैं।

प्रदेश आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और उनके प्रभाव को कम करने के लिए बहुस्तरीय प्रयास किए जा रहे हैं। आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता मिल सके, इसके उद्देश्य से सितंबर 2025 से युवा आपदा मित्र योजना की शुरुआत की गई।
योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, भारत स्काउट्स और गाइड्स तथा मेरा युवा भारत से जुड़े कुल 4310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। अभी तक 1826 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें 952 युवक और 874 युवतियां शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आपदा की समझ, जोखिम पहचान, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव कार्य, राहत शिविर प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाती है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के परिसरों के साथ-साथ एनसीसी कैंपों में भी आयोजित किया जा रहा है।

