बोट क्लब स्थित ऊर्जा निगम मंडल कार्यालय में राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक, 31 मार्च तक 400 करोड़ लक्ष्य

Roorkee : बोट क्लब स्थित ऊर्जा निगम के मंडल कार्यालय में शुक्रवार सुबह राजस्व वसूली को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने की। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं और उपखंड अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बताया गया कि ऊर्जा निगम पर उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये का बकाया लंबित है। विभाग को 31 मार्च तक वसूली का लक्ष्य पूरा करना है। इसी क्रम में अब मंडल के अधिकारी और कर्मचारी बकायादार उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर वसूली अभियान चलाएंगे। बिल जमा करने में आनाकानी करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि मुख्य अभियंता (वितरण) एमआर आर्य के निर्देश पर यह समीक्षा बैठक बुलाई गई। बैठक में विभिन्न डिवीजनों की प्रगति की जानकारी ली गई और 31 मार्च तक 400 करोड़ रुपये के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अधिक प्रभावित रहती है, उन्हें चिह्नित कर आगामी दिनों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे। फील्ड में वसूली के लिए जाने वाले कर्मचारियों को अपनी लाइव लोकेशन और मौके के फोटो विभागीय ग्रुप में साझा करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा, अनूप कुमार सैनी, मोहम्मद उस्मान और आकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।