
देहरादून,
जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने बुधवार को घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके की परिस्थितियों, एकत्र किए गए भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के उपरांत आईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देशित किया कि घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया।
परिक्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित गोष्ठी के दौरान आईजी ने जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ हालिया आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजी ने अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने, आपसी रंजिश, भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कदम उठाने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी क्षेत्र में गंभीर अपराध की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

