
Roorkee : दरगाह पीर गैब के समीप स्थित एक प्रसाद की दुकान में चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महमूदपुर निवासी अलीशान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी दरगाह पीर गैब के पास प्रसाद की दुकान है। रविवार रात वह दुकान बंद कर अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान का गल्ला खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि चोर गल्ले में रखे 5900 रुपये नकद तथा मन्नत के लिए रखे गए चांदी के पत्र, रसोली, मोती और चादरें चोरी कर ले गए।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक दुकान में प्रवेश करते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरिश और शहादत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

