
आगरा।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना हरीपर्वत क्षेत्र के लंगड़े की चौकी अंतर्गत नगला छिद्दा में बड़े भाई ने छोटे भाई पर पत्थर से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। खून से लथपथ शव देख परिजनों की चीख निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया।

वारदात के समय घर पर थे सिर्फ तीनों भाई
नगला छिद्दा निवासी 20 वर्षीय अजय अपने परिवार के साथ रहता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। रविवार को परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर केवल तीनों भाई ही मौजूद थे।
नशे में हुआ विवाद, पत्थर से ले ली जान
बताया जा रहा है कि बड़ा भाई 26 वर्षीय पवन नशे का आदी है। रविवार रात नशे की हालत में पवन का अजय से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर पवन ने पत्थर से अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे अजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
अगले दिन परिजनों ने देखा खौफनाक मंजर
सोमवार को जब परिजन शादी समारोह से लौटे तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अजय का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था और आंखें बाहर निकली हुई थीं। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी बड़े भाई पवन को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

