
Roorkee : हाल ही में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शूटिंग बॉल विश्व कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही, जो रुड़की के समीप स्थित गांवों से ताल्लुक रखते हैं।

भारतीय टीम में शामिल कुल 10 खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ी उत्तराखंड प्रदेश से थे। इनमें एक प्रमुख नाम रुड़की के समीप बेल्डी साल्हापुर गांव के सूरज चौधरी का है। सूरज चौधरी ने अपने उत्कृष्ट खेल से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना सूरज चौधरी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है। इस उपलब्धि को लेकर सूरज चौधरी से विशेष बातचीत की गई, जिसमें उन्होंने अपने खेल सफर, मेहनत और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

