कपकोट पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में दो पायलट घायल, लैंडिंग के दौरान हुए हादसे…

कपकोट में आयोजित राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन लैंडिंग के दौरान दो प्रतिभागी हादसे का शिकार हो गए। इनमें टिहरी गढ़वाल के एक पायलट और जिले के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष शामिल हैं। टिहरी के पायलट का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रवाना हो गए हैं।

प्रतियोगिता के तहत पायलट कपकोट के जालेख स्थल से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में लैंडिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रतियोगिता अपने चरम रोमांच पर थी, इसी दौरान एक के बाद एक दो हादसे सामने आए।

टिहरी गढ़वाल के परकोटा से आए पायलट रणजीत सिंह चौहान (30) पुत्र जोध सिंह लैंडिंग के समय अनियंत्रित हो गए। मैदान से लगभग 30 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचते ही संतुलन बिगड़ गया और वे तेजी से नीचे की ओर आ गए। सामान्य लैंडिंग न हो पाने के कारण वे हेलीपैड पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत सीएचसी कपकोट ले जाया गया।

इस हादसे के कुछ ही मिनट बाद पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य नवीन परिहार भी लैंडिंग के बाद चोटिल हो गए। सफल लैंडिंग के बाद अचानक उनका पैर मुड़ गया। पूर्व सभासद तनुज तिरुवा और अन्य लोगों ने उन्हें भी तत्काल सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरिजा शंकर जोशी ने बताया कि टिहरी के पायलट की कमर में चोट आई है। उन्हें पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी गई है। फिलहाल हालत स्थिर है और जल्द छुट्टी दी जा सकती है।

एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान दो पायलट घायल हुए हैं, लेकिन उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं। प्रतियोगिता को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वहीं विधायक सुरेश गढ़िया ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।