
Haridwar : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नेताओं का स्वागत किया।

रक्षा मंत्री, यूपी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हरिद्वार के सप्तऋषि मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम भारत की आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब रामभक्तों और देश की विरासत का अपमान होता था, लेकिन आज राष्ट्र की विरासत और रामभक्तों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि राम मंदिर बनेगा, लेकिन आज वह भव्य रूप में देश के सामने है।
अपने गांव पंचूर जाएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड प्रवास के दौरान एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पंचूर भी जाएंगे। इसके साथ ही वे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ ने जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल में कक्षा 9 तक की पढ़ाई की थी।
शिक्षा से जुड़ा रहा उत्तराखंड
पंचूर गांव में जन्मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 1 से 5 तक प्राथमिक विद्यालय पंचूर, कक्षा 6 से 8 तक जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी, कक्षा 10 खाड़ी हाई स्कूल नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल), कक्षा 11 व 12 भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश और स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार महाविद्यालय से की। प्रशासन के अनुसार, योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए यमकेश्वर और बिथ्याणी में हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं।

