
हरिद्वार। हरिद्वार–रुड़की मार्ग स्थित आरोग्यम सोसाइटी में कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग घायल हो गए। इसके साथ ही सोसाइटी परिसर में खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की भी सूचना है।

एक पक्ष का आरोप है कि सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष से जुड़े लोग सैकड़ों बदमाशों के साथ जबरन परिसर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सोसाइटी समिति के सिक्योरिटी गार्ड और स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया, जिसके बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें हंगामे और तोड़फोड़ के दृश्य साफ नजर आ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी वायरल वीडियो के माध्यम से मिली है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

