
हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में ब्रह्मलीन संत स्वामी सत्यमित्रानंद जी महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह को लेकर देशभर से राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों का आगमन जारी है। कार्यक्रम समापन से एक दिन पूर्व बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समारोह में शामिल हुए।

समारोह के उपरांत दोनों मुख्यमंत्रियों समेत अन्य प्रमुख नेताओं का जमावड़ा कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम में देखने को मिला। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योग गुरु स्वामी रामदेव के साथ आश्रम पहुंचे। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वर आश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया।
आश्रम में करीब आधे घंटे तक दोनों मुख्यमंत्रियों, स्वामी रामदेव और संतों के बीच विभिन्न समसामयिक और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई। माहौल पूरी तरह धार्मिक और सौहार्दपूर्ण बना रहा।
मूर्ति स्थापना समारोह के समापन कार्यक्रम को लेकर भी प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज है। शुक्रवार को होने वाले समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक समेत कई अन्य केंद्रीय और राज्य स्तर के नेता शामिल होंगे। समापन समारोह के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया है।

