तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी सवार महिला अधिवक्ता दंपती को मारी टक्कर, दोनों घायल…

Roorkee : गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सवार द्वारा स्कूटी को टक्कर मारने से महिला अधिवक्ता और उनके पति घायल हो गए। यह हादसा पिछले माह का बताया जा रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कृष्णानगर निवासी महिला अधिवक्ता शिखा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 दिसंबर 2025 को वह अपने पति शशिकांत के साथ स्कूटी से बाजार गई थीं। लौटते समय रामनगर कचहरी के पास तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

हादसे में दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।