सेलाकुई में तेज रफ्तार वाहन दीवार तोड़कर घर में घुसा, डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत…

सेलाकुई : थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में बृहस्पतिवार देर शाम एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ते हुए एक घर में घुस गया। हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची ताशी गुप्ता और वेदांश (16) वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार वाहन सेलाकुई से बहादुरपुर की ओर आ रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और एक दुकान के सामने बनी दीवार तोड़ते हुए सीधे घर में जा घुसा। इसी दौरान बच्ची और किशोर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

बताया जा रहा है कि जीप चालक स्थानीय भाजपा नेता का भतीजा है और वाहन लक्खनवाला निवासी युवक चला रहा था। प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण वाहन का एक्सल टूटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं पुलिस यह भी मान रही है कि वाहन के आगे अचानक कोई जानवर आ जाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ा हो सकता है।

मृतका के पिता पेशे से इंजीनियर हैं और ताशी गुप्ता उनकी इकलौती संतान थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।