उत्तर प्रदेश में बाप ने बेटी के सामने किया पत्नी का कत्ल..

गोरखपुर में ममता हत्याकांड में वारदात को याद कर बेटी मुक्ति के आंखों से आंसू छलक उठे। मामा ने भांजी को सीने से लगाया। वारदात के वक्त पड़ोस की दुकान में बेटी मुक्ति किचन का सामान ले रही थी। बेटी के सामने पिता ने उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

गोरखपुर के शाहपुर इलाके में विश्वकर्मा चौहान ने बेटी मुक्ति (13) के सामने ही गोली मारकर उसकी मां ममता चौहान की जिंदगी छीन ली थी। वारदात के वक्त बेटी पड़ोस की दुकान से किचन का सामान ले रही थी। शुक्रवार को अपने बड़े मामा संदीप और थाना प्रभारी नीरज राय के साथ घटनास्थल पहुंच मुक्ति ने वारदात की कहानी बताई।

मुक्ति शुक्रवार सुबह बड़े मामा संदीप चौहान और छोटे मामा सुभाष चौहान के साथ शाहपुर थाने पहुंची। वहां बयान दर्ज कराने के बाद थाना प्रभारी व बड़े मामा संग घटनास्थल पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार देर शाम ऑफिस से आने के बाद वह मां ममता संग किचन का सामान लेने के लिए स्कूटी से निकली थी। 

फोटो स्टूडियो पर फोटो लेने गई थी मां
राशन की दुकान पर सामान की पर्ची देने के बाद मां पड़ोस में स्थित फोटो स्टूडियो पर अपना फोटो लेने चली गईं। करीब 10 मिनट बाद उसने फोटो स्टूडियो के बाहर खून से लथपथ मां को जमीन पर पड़ा और सड़क किनारे बैठे अपने पिता को देखा।

‘पापा गंदे हैं’
मां को खो चुकी मुक्ति की आंखों से आंसू रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। उसने भरी आवाज में अपने मामा से कहा-पापा गंदे हैं। उन्होंने मम्मी को मार डाला। बड़े मामा संदीप ने भांजी को सीने से लगाया और ढांढस बंधाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस की टीम उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर ममता के किराए के मकान में ले गई। वहां पड़ोसियों से बातचीत कर उनका बयान दर्ज किया गया।