ऋषिकेश समाचार: चेतावनी स्तर से 1.16 मीटर नीचे बह रही है गंगा नदी

पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर आ गई हैं। नदियों के ऊफान पर आने से मैदानी भागों में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इन दिनों गंगा चेतावनी रेखा से महज 1.16 मीटर नीचे बह रही है।
सोमवार को लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती, तपोवन और त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गंगा नदी घाट और तटों का छूकर बह रही थी। वहीं चंद्रभागा नदी का भी जलस्तर बढ़ गया। अन्य दिनों में चंद्रभागा नदी सूखी रहती है। शाम पांच बजे गंगा नदी चेतावनी रेखा 339.50 से मात्र 1.16 मीटर नीचे 338.34 मीटर पर बह रही थी।

सुबह से ही स्थानीय प्रशासन की टीम गंगा के जलस्तर पर निगरानी बनाए हुए थी। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से अलर्ट किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नाले और सहायक नदियों के उफान पर आने से तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत फैली हुई है। शाम होते ही लोगों को जलस्तर का डर सता रहा है। जल पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम की ओर से लगातार उद्घोषणा कर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर स्नान करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए जागरूक किया गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक सोमवार शाम करीब पांच बजे गंगा का जलस्तर 338.34 मीटर दर्ज किया गया।