शादी के बाद बच्चा न होने पर पति महिला को तांत्रिक के पास ले गया। तांत्रिक ने पति की मौजूदगी में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर युवकों से कई बार दुष्कर्म कराया। दुष्कर्म करने के आरोपी महिला के देवर हैं। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के गांव निवासी युवती की शादी जून 2023 को प्रदीप निवासी खमरिया आमजपुर मीरगंज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद बच्चा न होने पर ससुराल वाले महिला को प्रताड़ित कर मारपीट करने लगे। पति ने कई बार जबरन आप्राकृतिक संबंध बनाए।

गत दिनों पति महिला को तांत्रिक गिरधारी निवासी असदनगर के पास ले गया। तांत्रिक ने कहा कि किसी दूसरे से संबंध बनाने पर महिला को बच्चे हो सकते हैं। आरोप है कि पति 12 अप्रैल की शाम महिला को पुन: तांत्रिक के पास असदनगर ले गया। जहां पहले से सल्था निवासी ममेरा देवर एवं खमरिया आजमपुर निवासी चचेरा देवर बैठे थे। तांत्रिक ने पति की मौजूदगी में महिला को कुछ पीने को दिया। जिसे पीने के कुछ देर बाद महिला पर बेहोशी छाने लगी। पति के सामने दोनों देवरों ने महिला से दुष्कर्म किया। पति दो-तीन बार पत्नी को तांत्रिक के पास ले गया और हर बार देवरों ने महिला से दुष्कर्म किया। महिला के शिकायत करने पर सास ने कहा कि मायके से पांच लाख रुपये लाने पर सब ठीक हो जायेगा। रविवार की शाम पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति प्रदीप, शिवा, शिवम, सावित्री निवासी खुमरिया आजमपुर, तांत्रिक गिरधारी निवासी असदनगर एवं रोहित निवासी सल्था के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ प्रयागराज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर महिला का मेडिकल कराने की कार्रवाई हो रही है। मेडिकल के बाद महिला के 183 के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जायेंगे। मेडिकल व बयानों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।