रिटायर्ड फौजी की घिनौनी करतूत, परिवार की बच्चियों को बनाया शिकार..

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड ऑनरेरी सेना कैप्टन को नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म और 12 वर्षीय पोती से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से भतीजी का यौन शोषण कर रहा था। मंगलवार को स्थानीय लोग थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, परिजनों ने शिकायत में बताया कि आरोपी पहले अपनी बहू पर भी गलत नजर रखता था। बहू के विरोध करने पर उसने पोती के साथ छेड़छाड़ की। इस मामले में बहू ने पहले भी प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

इसी बीच, स्थानीय लोगों को पता चला कि आरोपी अपनी नाबालिग भतीजी का लंबे समय से यौन शोषण कर रहा था। भतीजी के पिता की कोविड काल में मृत्यु हो चुकी है। मंगलवार को गुस्साए लोग थाने पहुंचे, जहां भतीजी ने पुलिस को आरोपी की करतूतें बताईं। इसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

लोगों का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित किशोरियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।