देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात नवंबर से उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति के दौरे को लेकर समीक्षा की। बैठक में शासन व प्रशासन के अधिकारियों के अलावा एचएन बहुगुणा गढ़वाल विवि और गोविंद बल्लभ पंत कृषि विवि के कुलपति भी शामिल हुए।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति सात नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगी। उनका आठ नवंबर को श्रीनगर गढ़वाल और कुमाऊं दौरे का कार्यक्रम भी है। नौ नवंबर को वह उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे मद्देनजर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व आवश्यक व्यवस्थाएं जुटा लेने के निर्देश दिए।
शासन-प्रशासन राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों में जुट गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नवंबर महीने में दिवाली के आसपास बाबा केदार के दर्शन करने आ सकते हैं। उनके उत्तराखंड आने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद मिश्रा के हाल ही किए गए केदारनाथ दौरे के बाद इन चर्चाओं ने जोर पकड़ा है। मिश्रा 21 अक्तूबर को केदारनाथ आए थे और वहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया था।
माना जा रहा कि प्रधानमंत्री दिवाली के आसपास उत्तराखंड आएंगे। केदारनाथ के कपाट 15 नवंबर भैया दूज के दिन बंद हो रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री केदारनाथ आ सकते हैं। इसके साथ ही हर बार की तरह पीएम मोदी के जवानों के साथ दिवाली मनाने की भी चर्चा है।