सहारनपुर–(भूमिका मेहरा) हकीकत नगर कॉलोनी में पता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात को अंजाम दिया। महिला को बातों में उलझाकर रखा। मौका मिलते ही महिला से आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई। इसमें एक बदमाश दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की है। हकीकत नगर निवासी 60 वर्षीय सुषमा शिव मंदिर जा रही थी। तभी दो बदमाश बाइक पर आए। एक बदमाश बाइक के पास खड़ा हो गया, जबकि दूसरा बदमाश महिला से किसी का पता पूछने लगा। काफी दूर तक बदमाश महिला से बाते करते हुए चला। लेकिन महिला उसे समझ नहीं पाई। कुछ देर बाद बदमाश महिला को एक सुनसान गली में ले गया। जहां पर कानों के कुंडल, सोने की चेन, अंगूठी और कड़े लूटकर भाग गए। पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में एक बदमाश दिखाई दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि आभूषण की कीमत करीब तीन लाख रुपये थी। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
