UP News : पड़ोसी ने घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम से किया दुष्कर्म….

हमीरपुर–(भूमिक मेहरा) हमीरपुर जिले में घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम से पड़ोसी ने दुष्कर्म किया। घटना के वक्त मासूम की मां व परिवार के लोग फसल कटाई के लिए खेतों में गए हुए थे। तीन वर्ष के भाई को दुकान चॉकलेट के लिए भेज दिया, इस बीच आरोपी ने मासूम को अंदर कमरे में ले जाकर अपनी हवस का शिकार बना लिया। शाम को घर पहुंचे परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मासूम को गंभीर हालत में जिलाअस्पताल रेफर किया गया है। मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी दो वर्षीय मासूम की मां ने पुलिस को बताया कि उसका पति दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता है। वह खेतों में फसल कटाई करने गई थी। उनकी बेटी व बेटा घर के दरवाजे के पास ही खेल रहे थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला देवकरन पुत्र नत्थू प्रजापति दरवाजे पर आया और बेटे को कुछ खिलाने का लालच देते हुए उसे दुकान भेज दिया। आरोप लगाया कि इसी दौरान मासूम के साथ देवकरण ने दुष्कर्म किया। शाम को महिला खेतों से घर पहुंची तो बेटी की हालत देख मां को समझते देर न लगी कि क्या हुआ। लेकिन उसने पूछा कि यह किसने किया तो बेटी ने पड़ोस में रहने वाले देवकरन के घर की ओर इशारा किया। इसके बाद मां आरोपी को पकड़ लाई। इसी बीच वह मौके से भाग खड़ा हुआ। देर रात्रि मामले की शिकायत पुलिस से की गई।सूचना के बाद देर रात घटना स्थल पर सीओ घनश्याम सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने पीड़ित मासूम की मां की तहरीर पर आरोपी देवकरन के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। मासूम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सीओ घनश्याम सिंह ने बताया कि बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।