

देहरादून/प्रेमनगर से रिपोर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के छात्रों के बीच गानों को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक अंत पर पहुंच गया। बीटेक के छात्र दिव्यांशु की सोमवार रात भरे बाजार में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु एक निजी विश्वविद्यालय में बीटेक कंप्यूटर साइंस द्वितीय वर्ष के छात्र थे और पौंदा स्थित हॉस्टल में अपने दोस्तों के साथ रहते थे। करीब दो महीने पहले विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब उनके दोस्तों ने विश्वविद्यालय गेट के बाहर कार में “छोरा जाट्टा” गाना बजाया था। इसे बिहार के छात्रों के एक गुट ने चुनौती के रूप में लिया और तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र लगातार दिव्यांशु और उसके दोस्तों की रेकी कर रहे थे। सोमवार रात जब दिव्यांशु प्रेमनगर बाजार में खाना खाने गया, तभी करीब 15 युवकों ने उसे घेर लिया। चश्मदीदों के मुताबिक आरोपियों ने पहले उसे धमकाया और विरोध करने पर फावड़े, लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि भरे बाजार में युवक को पीटा जाता रहा, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। बाद में एक दंपत्ति ने घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, दिव्यांशु अपने माता-पिता और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़ाई पूरी कर नौकरी करेगा, लेकिन इस घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया।
यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले भी दिव्यांशु के गुट के छात्रों के साथ मारपीट की थी। शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई, ऐसा आरोप दोस्तों ने लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि छात्र विवादों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती रही है।
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है। सत्यापन अभियान चलाकर बिना सत्यापन छात्रों को रखने वाले हॉस्टल संचालकों पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही कई वाहनों के चालान और लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्रों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुट खुद को “बिहार डिफॉल्टर” नाम से पहचानता था और विश्वविद्यालय में दबंगई करता था। घटना में कुछ बाहरी लोगों की भी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
