संविदा लाइनमैन की बर्खास्तगी पर बढ़ा तनाव, पत्नी ने चार बच्चों संग आत्महत्या की दी चेतावनी

गढ़ीपुख्ता। गढ़ीपुख्ता विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन अंकित कुमार की सेवा समाप्त किए जाने का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। लाइनमैन की पत्नी गीता ने अपने चार बच्चों के साथ आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। वहीं, विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने न्याय न मिलने की स्थिति में आंदोलन की घोषणा कर दी है।

गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव ओदरी निवासी संविदा लाइनमैन अंकित कुमार को विभाग द्वारा सेवा समाप्त कर नौकरी से हटा दिया गया है। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई प्राप्त शिकायतों की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। हालांकि, अंकित की पत्नी गीता ने अधीक्षण अभियंता को सौंपे पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं।

गीता का आरोप है कि अवर अभियंता और अधिशासी अभियंता ने साजिश के तहत उनके पति को नौकरी से हटवाया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी उनके पति पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाते थे और मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देते थे। गीता के अनुसार, मानसिक दबाव के चलते उनके पति डिप्रेशन में चले गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनके पति का मानदेय रुकवा दिया है।

जान-माल की सुरक्षा की गुहार
गीता ने बताया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनका पालन-पोषण पूरी तरह पति की नौकरी पर निर्भर है। नौकरी चले जाने पर परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह बच्चों सहित आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने अधीक्षण अभियंता से पति की नौकरी बहाल कराने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

संविदा कर्मचारी संघ का अल्टीमेटम
विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा की गई कार्रवाई गलत है और अंकित कुमार निर्दोष हैं। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को अधिशासी अभियंता सौरभ पाठक से मुलाकात की जाएगी। यदि न्याय नहीं मिला तो संघ आंदोलन करेगा।

अधीशासी अभियंता का पक्ष
अधीशासी अभियंता सौरभ पाठक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संविदा लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई शिकायतों की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।