नए शिक्षा सत्र से पहले छात्रों को मिलेंगी मुफ्त किताबें, विभाग की बड़ी तैयारी

Dehradun: उत्तराखंड में पहली बार नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले ही छात्र-छात्राओं को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के अनुसार विभाग का लक्ष्य है कि 28 मार्च तक सभी स्कूलों में किताबें पहुंचा दी जाएं।

शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सरकारी और अशासकीय स्कूलों में हर वर्ष कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें दी जाती हैं। हालांकि, पूर्व वर्षों में किताबों की आपूर्ति समय पर नहीं हो पाती थी, जिसके चलते कई बार शिक्षा सत्र शुरू होने के छह से सात महीने बाद तक भी विद्यार्थियों को इंतजार करना पड़ता था।

इस बार विभाग ने व्यवस्था में सुधार करते हुए सत्र प्रारंभ होने से पहले ही किताबें उपलब्ध कराने की योजना बनाई है।

आंकड़ों के अनुसार, कक्षा एक से आठवीं तक के 6 लाख 29 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को 43 लाख 78 हजार से ज्यादा किताबें वितरित की जानी हैं। वहीं, कक्षा नौ से 12वीं तक के 3 लाख 44 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को 38 लाख 67 हजार से ज्यादा किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।

विभाग का दावा है कि समय पर किताबें मिलने से छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो सकेगी और शैक्षणिक सत्र प्रभावित नहीं होगा।