
ग्रेटर नोएडा/नोएडा। Greater Noida में होली के मद्देनजर खाद्य विभाग का मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को तिलपता गांव स्थित एक दुकान पर छापेमारी के दौरान करीब 200 किलोग्राम पनीर दूषित और मिलावटी पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। विभिन्न स्थानों से कुल 10 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
200 किलो पनीर मिला मिलावटी
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने तिलपता गांव स्थित चौधरी पनीर भंडार की जांच की। यहां करीब 200 किलो पनीर बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में पनीर प्रदूषित और मिलावटी मिला। एक नमूना सुरक्षित रखने के बाद शेष पनीर को नष्ट करा दिया गया।
रेस्टोरेंट और स्वीट्स शॉप से भी नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय और ओपी सिंह की टीम ने Noida के सेक्टर-45 स्थित गणेश्वरम रेस्टोरेंट से खोया का नमूना लिया। वहीं मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-93 स्थित गोपाला स्वीट्स से भी खोया का नमूना संग्रहित किया।
सोमवार को भी विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया। सेक्टर-12 स्थित प्रतिष्ठा द डेयरी से खोया का नमूना लिया गया। सेक्टर-143 स्थित बीटीडब्ल्यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम और पनीर का एक-एक नमूना लिया गया।
एनसीआर में होनी थी पनीर की सप्लाई
Yamuna Expressway पर सबलपुर अलीगढ़ की सुशील डेयरी के वाहन को रोककर पनीर का नमूना लिया गया। बताया गया कि यह पनीर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
पिज्जा सॉस और खाद्य तेल के भी नमूने
सेक्टर-37 स्थित सोहो किचेन एंड कंपनी से पिज्जा सॉस का नमूना लिया गया। वहीं अंतरजनपदीय टीम ने सेक्टर साइट-5 कासना स्थित अल्टीमेट सॉल्यूशन नामक खाद्य तेल निर्माण इकाई से सरसों तेल और नारियल तेल के नमूने एकत्र किए।
खाद्य विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
