राज्य स्तरीय अंडर-18 हॉकी प्रतियोगिता का समापन, हरिद्वार (बी) बनी विजेता…

हरिद्वार, 02 फरवरी 2026।
खेल निदेशालय उत्तराखण्ड देहरादून, जिला प्रशासन हरिद्वार के मार्गदर्शन एवं जिला खेल कार्यालय हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय हॉकी अंडर-18 प्रतियोगिता का चौथे दिन भव्य समापन किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शिवालिकनगर हरिद्वार राजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार शबाली गुरुंग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के चौथे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहला सेमीफाइनल मैच जनपद हरिद्वार (बी) और जनपद उधमसिंह नगर के बीच खेला गया, जिसमें हरिद्वार (बी) की टीम ने 3-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरा सेमीफाइनल मैच जनपद हरिद्वार (ए) और जनपद देहरादून के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में हरिद्वार (ए) की टीम ने देहरादून को 6-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में हरिद्वार (बी) की रोमांचक जीत
फाइनल मुकाबला हरिद्वार (ए) और हरिद्वार (बी) के बीच खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमें 50 मिनट तक 1-1 की बराबरी पर रहीं। अंतिम क्षणों में हरिद्वार (बी) की टीम ने निर्णायक गोल दागकर हरिद्वार (ए) को 2-1 से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक की भूमिका अमित कटारिया, अमित नेगी, हरीश नेगी, महिमा भण्डारी, परमिता गौतम और सौरभ पटवाल ने निभाई।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय, सचिव जिला क्रिकेट एसोसिएशन इंद्रमोहन बर्थवाल, सहायक प्रशिक्षक शिखा बिष्ट, दीपक चन्द्र जोशी, अनुराग राठी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरेती, कनिष्ठ सहायक मुकेश भट्ट, विक्रम सिंह सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।