
Kotdwar: शहर में नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जामा मस्जिद के मौलाना इमाम बदरुल इस्माल ने कहा कि प्रशासन की मुस्तैदी से कोटद्वार में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और क्षेत्र में अमन-चैन बना हुआ है। उन्होंने बताया कि शब-ए-बरात का जलसा भी पूरी तरह खैरियत के साथ संपन्न हुआ।

मौलाना बदरुल इस्माल ने कहा कि कोटद्वार शहर हमेशा से अमन, चैन, सुकून और भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस साझा विरासत को बनाए रखने की अपील की।
सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी, चला चेकिंग अभियान
इस बीच उत्तर प्रदेश के नगीना संसदीय क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर के कोटद्वार आने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पौड़ी पुलिस प्रशासन ने शांति और सुरक्षा व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड सीमा पर स्थित कौड़िया चेकपोस्ट पर दिनभर कड़ी निगरानी रखी।
पुलिस की ओर से सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और आने-जाने वाले वाहनों व लोगों पर नजर रखी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एहतियातन ये कदम उठाए गए हैं ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

