रुड़की में बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी और जेवर चोरी

रात के समय अज्ञात चोरों ने सुल्तानपुर कस्बा स्थित बंद पड़े घर के दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर अलमारी से जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक अपने ससुराल गया हुआ था। मामले की जानकारी होते ही मकान स्वामी ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

सुल्तानपुर कस्बा निवासी ललित कुमार ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार को अपने घर के गेट पर ताला लगाकर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल फेरूपुर गांव गया हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह आकर देखा तो अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का सामान कमरे के अंदर बिखरा पड़ा था।

अलमारी के अंदर रखे गहने, नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर छत पर चढ़कर जीने के रास्ते से घर में घुसे और कमरे के गेट पर लगे ताले को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। ललित ने सुल्तानपुर पुलिस में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि मामला संज्ञान में है। चोरों की तलाश की जा रही है।