
देहरादून। कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहर में व्यापक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। रैली जिन मार्गों से गुजरेगी, वहां यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली के परेड ग्राउंड से निकलने पर ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक होते हुए भेजा जाएगा। वहीं लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से यातायात डायवर्ट रहेगा।
रैली के कनक चौक पहुंचने पर पेसिफिक तिराहा से कनक चौक जाने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा। रैली के ओरियंट चौक पहुंचने पर कनक चौक और ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
इसके अलावा घंटाघर से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। रैली के आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से यातायात पेसिफिक तिराहा के जरिए संचालित होगा।
रैली के ग्लोब चौक पहुंचने पर ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर भेजा जाएगा। रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया जाएगा।
रैली के बहल चौक पार करने पर राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को रोक-रोक कर निकाला जाएगा। साथ ही एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर कोई वाहन नहीं भेजा जाएगा। इस यातायात को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर मोड़ा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।

