चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, 15 अप्रैल तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

देहरादून। चारधाम यात्रा को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

डीएम ने कहा कि यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भावना का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। श्रद्धालुओं का स्वागत “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ किया जाएगा।

यहां बनेंगे पंजीकरण केंद्र

जिलाधिकारी ने बताया कि

  • ऋषिकेश में 30 काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
  • विकासनगर में 20 काउंटर लगाए जाएंगे।

इन काउंटरों पर श्रद्धालुओं को 24 घंटे रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल टीमें भी तैनात की जाएंगी।

प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा के दौरान यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा और पंजीकरण की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।