प्रदेश में दो डिग्री कॉलेजों का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखने की तैयारी

Uttrakhand : प्रदेश में दो राजकीय डिग्री कॉलेजों का नाम भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। सदन में नियम 58 के तहत दी गई सूचना पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी दी।

सदन में विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि राज्य में 118 राजकीय महाविद्यालय हैं, लेकिन अब तक किसी भी महाविद्यालय का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर नहीं रखा गया है। उन्होंने किच्छा महाविद्यालय का नाम डॉ. अंबेडकर के नाम पर रखने की मांग की।

इस पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार ने कई महाविद्यालयों का नाम महापुरुषों के नाम पर रखा है। जनभावना के अनुरूप नामकरण किया जाता है और इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाती है, जो सिफारिश करती है।

संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि महापुरुषों के नाम पर महाविद्यालयों का नाम रखने की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने गुलरभोज सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे लोगों को जमीन पर मालिकाना हक देने की मांग उठाई। विधायक मो. शहजाद ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए बताया कि गन्ने की फसल में रोग के कारण उत्पादन में गिरावट आई है, जबकि हरिद्वार की मिल बंद होने के कगार पर है।