आशारोड़ी चेकपोस्ट पर पौधरोपण: वाणिज्य कर विभाग ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देहरादून:
वाणिज्य कर विभाग की ओर से शुक्रवार को आशारोड़ी चेकपोस्ट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और आमजन से भी इस अभियान में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ज्वाइंट कमिश्नर अजय सिंह ने कहा कि राजस्व संग्रह के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का निर्वहन भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के खतरे को देखते हुए हर व्यक्ति को पौधरोपण जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर सुरेश कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर कृष्ण कुमार, अलीशा विष्ट, स्टेट टैक्स अधिकारी यतीश सेमवाल और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने न केवल पौधरोपण किया, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह अभियान दीर्घकालिक रूप से सफल हो सके।