

Rishikesh :एम्स अस्पताल की ओपीडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मरीज अचानक घबराकर भागने लगा। बताया जा रहा है कि मरीज अपने परिजनों के साथ जांच के लिए अस्पताल आया था और उसका एंडोस्कोपी टेस्ट होना था।

जानकारी के अनुसार, मरीज ने टेस्ट कराने से मना कर दिया और घबराहट के चलते ओपीडी से निकलकर सीढ़ियों की ओर दौड़ पड़ा। भागते हुए वह अस्पताल की छठी मंजिल तक पहुंच गया।
ऊपरी मंजिल का दरवाजा बंद मिलने पर मरीज ने उसे जोर लगाकर खोलने की कोशिश की और कुंडी तोड़कर आगे बढ़ गया। स्थिति को गंभीर होता देख मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और उसका पीछा किया।
सुरक्षा कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मरीज को शांत कराया और सुरक्षित तरीके से नीचे लेकर आए। इसके बाद उसे संबंधित विभाग में ले जाकर आवश्यक जांच पूरी कराई गई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या से ग्रसित है और उसका इलाज ओपीडी के माध्यम से चल रहा है। जांच पूरी होने के बाद उसे आवश्यक उपचार देकर भेजा जाएगा।
इस घटना से कुछ समय के लिए ओपीडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
