
रुड़की। बीटीगंज क्षेत्र में देर रात एक एटीएम केबिन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। फायर कर्मियों की सूझबूझ से एटीएम में रखी लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी सुरक्षित बचा ली गई।
फायर स्टेशन प्रभारी वंश नारायण यादव ने बताया कि रामलीला ग्राउंड, बीटीगंज के पास स्थित जिला सहकारी बैंक के एटीएम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने फायर उपकरणों की सहायता से आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
