तेलीवाला में नया ट्यूबवेल शुरू, गर्मियों में पेयजल संकट से मिलेगी राहत

विकासनगर/डोईवाला क्षेत्र के तेलीवाला समेत आसपास के इलाकों के लोगों को इस बार गर्मियों में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। जल संस्थान द्वारा बनाए गए नए ट्यूबवेल में पानी आ गया है और लाइनों में जलापूर्ति के साथ टेस्टिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बीते कई दशकों से तेलीवाला क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति डोईवाला से की जा रही थी, जो लगभग पांच किलोमीटर दूर है। इस कारण क्षेत्रवासियों को लो प्रेशर सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

नगर पालिका नियामवाला के सभासद रियासत अली मोंटी के प्रयासों से नगर पालिका डोईवाला ने 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 50 लाख रुपये की धनराशि जल संस्थान को उपलब्ध कराई, जिसके माध्यम से तेलीवाला में नए ट्यूबवेल का निर्माण किया गया।

जल संस्थान ने अब इस ट्यूबवेल से जलापूर्ति की टेस्टिंग शुरू कर दी है और पाइपलाइनों में पानी छोड़ा जा रहा है। सभासद रियासत अली मोंटी के अनुसार, इस परियोजना से डेढ़ हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति मिल सकेगी।

जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि ट्यूबवेल की टेस्टिंग के दौरान पानी के प्रेशर और आपूर्ति क्षमता का आकलन किया जा रहा है, ताकि जरूरत के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।