मसूरी में कुलदीप यादव की शाही शादी आज, सुरेश रैना और युजवेंद्र चहल समेत कई हस्तियां पहुंचीं

मसूरी:
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज अपनी दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मसूरी में आयोजित इस भव्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल सहित कई क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों की हस्तियां पहुंच चुकी हैं।

शनिवार 14 मार्च को शादी के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे से मेहमानों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई है, जबकि दोपहर 12 बजे से भव्य भोजन परोसा जाएगा। शाम चार बजे हाई टी के साथ साफा बांधने का कार्यक्रम रखा गया है।

शाम पांच बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बरात निकलेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला की रस्म होगी। वहीं, सात फेरों की रस्म रॉयल बॉलरूम में संपन्न कराई जाएगी।

शादी समारोह के बाद 15 मार्च को सुबह आठ बजे नाश्ते के साथ मेहमानों के लिए विदाई और चेक-आउट की व्यवस्था की गई है। इस शाही शादी में मेहमानों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ पारंपरिक और आधुनिक कार्यक्रमों का विशेष समावेश किया गया है।

तीन दिनों तक चलेंगे पारंपरिक कार्यक्रम
मसूरी में आयोजित इस शादी समारोह में मेहमानों के लिए तीन दिनों तक विशेष भोजन और विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रमों की भव्य व्यवस्था की गई है। शुक्रवार 13 मार्च से शुरू हुए कार्यक्रमों में मेहमानों के स्वागत के साथ नाश्ता, हाई टी और पार्टी के बाद विशेष भोज का आयोजन किया गया।

सुबह आठ बजे से ग्रैंड डाइनिंग रूम में नाश्ता परोसा गया, जबकि शाम चार बजे हाई टी की व्यवस्था रही। रात 11 बजे बॉलरूम में पार्टी के बाद विशेष भोजन कराया गया। इसी दिन बीयर गार्डन में सुबह 11 बजे से हल्दी समारोह आयोजित हुआ। शाम सात बजे सेंट्रल लॉन में सगाई, संगीत और कॉकटेल पार्टी का आयोजन किया गया।