

भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की में बाल विकास विभाग की एक सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी राखी सैनी पर आरोप है कि उन्होंने एक कर्मचारी से प्रमोशन कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को उन्हें रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आया है। सतर्कता विभाग पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रहा है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी पहल माना जा रहा है, जिससे सरकारी विभागों में खलबली मच गई है।
