
विकासनगर (देहरादून)।
उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचपी रोडवेज बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में अब तक दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
एसडीआरएफ की टीम खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने में जुटी रही। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कालसी क्षेत्र में हिमाचल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद है। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। आसपास के सभी मेडिकल सेंटर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा।

