रुड़की। ऊर्जा निगम की लापरवाही का मामला सामने आया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-12 की बिजली आपूर्ति उस समय काट दी गई, जब विद्यालय प्रबंधन की ओर से सितंबर माह तक का बिजली बिल जमा कराया जा चुका था। बिजली कनेक्शन कटने से विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीता सैनी ने बताया कि विद्यालय की ओर से सितंबर माह तक का बिजली बिल जमा किया जा चुका है। इसके बावजूद ऊर्जा निगम ने स्कूल की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिल का भुगतान किया जा चुका है तो आखिर किस आधार पर विद्यालय का कनेक्शन काटा गया।
बिजली आपूर्ति ठप होने से कक्षाओं में अंधेरा रहने के कारण बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। वहीं, बिजली से संचालित उपकरणों का उपयोग भी नहीं हो पा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यदि विभागीय रिकॉर्ड में कोई बकाया दर्शाया जा रहा है तो कनेक्शन काटने से पहले भुगतान संबंधी रिकॉर्ड का मिलान किया जाना चाहिए था।
विद्यालय प्रबंधन ने ऊर्जा निगम से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। वहीं, ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता रघुराज सिंह ने बताया कि विद्यालय की बिजली किस कारण से काटी गई है, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
