

लक्सर। चलती ट्रेन में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का लक्सर जीआरपी ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया कुंडल भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, नौ मार्च को सहारनपुर निवासी महिला बबीता देवी मुरादाबाद-सहारनपुर मेमू ट्रेन में सफर कर रही थीं। जैसे ही ट्रेन लंढौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची, दो युवक उनके कानों से कुंडल लूटकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए थे। घटना के बाद महिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात में उत्तर प्रदेश का एक सक्रिय गिरोह शामिल है, जो ट्रेनों में लूट, चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता है। इसके बाद जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी, रुड़की चौकी प्रभारी प्रीति सैनी और एएसआई अतुल चौहान की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सलमान उर्फ टीनू और लोकेश कश्यप निवासी ईसापुर थाना नागल, जनपद सहारनपुर तथा विकास कश्यप निवासी तल्हेड़ी बुजुर्ग थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताए। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया कुंडल भी बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में ट्रेनों को निशाना बनाते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि आरोपी सलमान और विकास ने अक्तूबर माह में भी एक महिला से आभूषण लूटने की वारदात को अंजाम दिया था, जबकि विकास वर्ष 2018 में भी पर्स छीनने की घटना में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतते थे। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
