

हरिद्वार में सेठ बेनी जयपुरिया ट्रस्ट द्वारा स्थापित जयपुरिया यात्री निवास का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, महावीर प्रसाद जयपुरिया और अनुराग जयपुरिया उपस्थित रहे।

स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और हरिद्वार की पवित्र भूमि पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्री निवास अत्यंत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमें सभी का सम्मान करना सिखाता है।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि देवभूमि में यात्रियों और संतों की सेवा के लिए महावीर प्रसाद जयपुरिया द्वारा समर्पित यह यात्री निवास एक आदर्श उदाहरण बनेगा। उन्होंने समाज के संपन्न वर्ग से अपील की कि वे भी कमजोर वर्ग की सेवा के लिए आगे आएं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रेरित होकर समाज में सेवा गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी को तपस्वी संत बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से समाज में सक्षम लोग जरूरतमंदों के लिए बेहतर कार्य कर रहे हैं।
युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि गरीब वर्ग के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने वर्ष 2047 से पहले भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी को आवश्यक बताया।
