हरिद्वार में जीएसटी डेटा एंट्री ऑपरेटर 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार में विजिलेंस टीम ने जीएसटी विभाग में तैनात एक डेटा एंट्री ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल के रूप में हुई है, जो सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय में कार्यरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उसकी फर्म हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री, जो वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है, पर जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का 1,76,000 रुपये वैट बकाया बताया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस बकाया राशि को समाप्त करने के नाम पर जीएसटी विभाग में तैनात डेटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल ने 1,20,000 रुपये की नकद रिश्वत की मांग की थी। यह रकम किस्तों में देने को कहा गया था।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 20,000 रुपये नकद रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय, हरिद्वार के पास की गई।

आरोपी प्रमोद सेमवाल, निवासी सिद्धार्थ एंक्लेव, द्वारिका विहार, फुटबॉल ग्राउंड के पास, जगजीतपुर, कनखल (हरिद्वार) का रहने वाला है। वह पिछले लगभग 18 वर्षों से उपनल के माध्यम से सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3, हरिद्वार कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि आरोपी पुराने वैट बिलों के निपटारे के नाम पर शिकायतकर्ता से लगातार धन की मांग कर रहा था। विजिलेंस टीम मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।