

देहरादून,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून स्थित डाट काली मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके चलते रविवार शाम से मंदिर में भक्तों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अब श्रद्धालु 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को मां डाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसे लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रविवार को इस संबंध में मंदिर प्रबंधन की बैठक भी आयोजित की गई।

मंदिर से जुड़े शुभम गोस्वामी ने जानकारी दी कि सुरक्षा कारणों से शाम पांच बजे से ही मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार के अनुसार, मंदिर के इतिहास में यह पहली बार है जब लगातार दो दिनों तक भक्तों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कोई बाधा न आए।
आज योगी आदित्यनाथ करेंगे दर्शन
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पहुंचेंगे और वहां से निरीक्षण करते हुए शाम 4 बजे मंदिर पहुंचेंगे। पूजा के बाद वे 4:15 बजे वापस रवाना हो जाएंगे।

