सीएम धामी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ में छात्रों का बढ़ाया आत्मविश्वास..

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से जुड़ा है। यह कार्यक्रम अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री का संदेश हमें यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा हो सकती है, लेकिन पूरा जीवन नहीं

मुख्यमंत्री ने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी निरंतर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र योद्धा की तरह आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही काबिलियत नहीं है, जीवन में और भी अनेक लक्ष्य होते हैं।

अभिभावक बच्चों पर न डालें अनावश्यक दबाव

सीएम धामी ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।

रिकॉर्ड स्तर पर पंजीकरण

‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के अंतर्गत देशभर में 4 करोड़ से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक पंजीकरण करा चुके हैं, जिससे पिछला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। उत्तराखंड से इस वर्ष करीब 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी।

उत्तराखंड के छात्र को राष्ट्रीय पहचान

प्रदेश के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।