गैरसैंण भराड़ीसैंण में आज से विधानसभा का बजट सत्र शुरू, महिलाओं-युवाओं-किसानों पर रहेगा खास फोकस

Uttarakhand Chamoli : प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आज से पांच दिवसीय बजट सत्र शुरू हो गया है। चुनावी वर्ष को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार का यह बजट काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस बार के बजट में खासतौर पर युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की जा सकती हैं।

सरकार का फोकस महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर रहने की संभावना है। महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी नई योजनाओं के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान किए जा सकते हैं। इसके अलावा युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं की घोषणा भी संभावित है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।

कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए भी बजट में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने, कृषि उपकरणों, बीज और अन्य संसाधनों पर सब्सिडी बढ़ाने जैसे प्रावधान किए जाने की संभावना है। साथ ही बागवानी और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं भी लाई जा सकती हैं।

पांच दिवसीय इस सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी शिष्टाचार भेंट की।

विधानसभा सत्र को देखते हुए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।