झबरेड़ा क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत: 35 साल बाद पुरानी नहर का समतलीकरण शुरू

झबरेड़ा। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों को फसलों की सिंचाई में बड़ी राहत मिलने जा रही है। कोटवाल आलमपुर गांव से होकर गुजर रही पुरानी नहर की सफाई और समतलीकरण का कार्य इन दिनों तेजी से किया जा रहा है।

इस कार्य के पूर्ण होने से उन छोटे रजवाहों और दूरस्थ नालियों तक भी पानी सुचारु रूप से पहुंच सकेगा, जहां अब तक जल आपूर्ति बाधित रहती थी।

लाठरदेवा हुन, कुमाराडा, कुमाराडी, साढ़ोली, शेरपुर खेलमऊ, कोटवाल आलमपुर, शीतलपुर, झबरेड़ा और साढ़ौला माजरा सहित कई गांवों के किसानों की सिंचाई इसी नहर के पानी पर निर्भर रही है। पिछले लगभग 35 वर्षों से नहर का समतलीकरण नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जल स्तर असमान हो गया था, जिससे छोटे रजवाहों और नालियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था।

किसान लंबे समय से नहर की सफाई और समतलीकरण की मांग कर रहे थे। हाल ही में नहर के स्तर को रजवाहों के स्तर के अनुरूप कर समतलीकरण का कार्य किया गया है। इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

किसान नेता सुभाष नंबरदार, किसान मजदूर संगठन के प्रवक्ता अरुण कुमार, किसान क्लब के अध्यक्ष कटार सिंह और कोटवाल आलमपुर के प्रधान शुभम कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने सिंचाई सुविधा बेहतर होने पर खुशी जताई है।