एक साल से फरार आशु मंगलौर पुलिस की गिरफ्त में, सोलर प्लांट में चोरी के मामले में हुई गिरफ्तारी

मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने सोलर प्लांट में चोरी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से ही अपनी मौजूदगी छिपा रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मामले में बंदर टोला निवासी एक व्यक्ति ने 12 अक्टूबर 2025 को अपने सोलर प्लांट में चोरी के संबंध में आरोपी आशु व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(1) के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार पुलिस से बचता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम का गठन किया। गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर 2026 को आरोपी आशु पुत्र शमशाद, निवासी मोहल्ला मलकपुर, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में बरामदगी के आधार पर अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।