ई-रिक्शा चालक का खतरनाक स्टंट, बाल-बाल बचे महिला और बच्चा

पिरान कलियर। सड़क पर ई-रिक्शा चालक के खतरनाक अंदाज में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ई-रिक्शा चालक सड़क पर वाहन को असामान्य तरीके से चलाता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बगल से एक महिला और मासूम बच्चा गुजरते नजर आ रहे हैं। ई-रिक्शा अनियंत्रित होने पर दोनों इसकी चपेट में आ सकते थे। हालांकि, वाहन कुछ दूरी पर जाकर संभल गया और बड़ा हादसा टल गया।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ ई-रिक्शा चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन चलाते हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ई-रिक्शा आसानी से पहुंच जाते हैं, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे मामलों में कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जानी चाहिए। वायरल वीडियो की वास्तविकता और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।