

देहरादून। आगामी कुंभ मेले और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इंटेलीजेंस ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई इंटेलीजेंस अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधानसभा चुनावों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक और सरकारी आयोजनों की सुरक्षा के लिए सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों की उच्चस्तरीय इंटर एजेंसी को-ऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। राज्य में बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तथा वर्तमान में जारी चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया। आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के निर्बाध एवं सकुशल संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
