सड़क हादसे में घायल की एआरटीओ ने की मदद, सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

रुड़की। रुड़की-कोर कॉलेज मार्ग पर वेदांतम के सामने हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने को लेकर मौके पर स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान परिवर्तन दल के एआरटीओ कृष्ण चंद्र पलाड़िया ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तुरंत घायल की मदद की। उन्होंने बिना देर किए अपने सरकारी वाहन से घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घायल की पहचान सचिन पुत्र रामपाल, निवासी टांडा मतवाली, लक्सर के रूप में हुई है। समय रहते अस्पताल पहुंचने से घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी। एआरटीओ की तत्परता और मानवीय पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। उन्होंने सरकारी दायित्व निभाने के साथ इंसानियत की मिसाल पेश की।