16 सितंबर को रोजगार मेला, 400 पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर

हरिद्वार। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से 16 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मेले में हरिद्वार क्षेत्र की करीब सात से आठ औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। हालांकि, कंपनियों की संख्या में बदलाव हो सकता है।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में करीब 400 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर, स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।

उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से 16 सितंबर को बायोडाटा की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, समस्त शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र और सेवायोजन प्रमाणपत्र साथ लाने की अपील की। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।